जींद : सोलर फ्रंचाइजी का झांसा देकर लाखों ठगे, मामला दर्ज
जींद, 29 अप्रैल (हि.स.)। साइबर ठगों ने सोलर फ्रेंचाइजी का झांसा देकर एक दुकानदार को लगभग सवा तीन लाख रुपये ठग लिए। पीडि़त की शिकातय पर साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव शामदो निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में किरयाणा की दुकान चलाता है। गत चार जनवरी को उसने फेसबुक पर टाटा सोलर फ्रेंचाइजी की ऐड देखी थी। जिस पर उसने सोलर की फ्रेंचाइजी लेने का मन बना लिया। जो उसे बताया गया था, एप के माध्यम से उसने पूरी जानकारी भर कर भेज दी। जिसके बाद पांच जनवरी को उसके पास कॉल आई। जिसने खुद को टाटा सोलर मुंबई से बताया कि उसकी रिक्चेट पास हो गई है। सिक्योरटी के तौर उसे 25 हजार रुपये जमा करवाने होंगे।
जिस पर उसने राशि को जमा करवा दिया। जिसके बाद 200 रुपये गूगल पे भेजे। जिसके बाद आरोपितों ने 45 हजार रुपये एग्रीमेंट के नाम पर वसूले गए। फिर सामान उपलब्ध करवाने तथा ट्रेनिंग के नाम पर अढ़ाई लाख रुपये की डिमांड की। उस राशि को भी उसने आरोपितों के खाते में डलवा दिए। गत 16 फरवरी को फिर से उसके पास फोन आया कि गाड़ी का किराया 60 हजार रुपये भेजे जाए। जिन्हें सामान के पहुंचने पर वापस कर दिया जाएगा। जब रुपये न होने की बात कही तो आरोपितों ने फोन काट दिया।
तब तक वह आरोपितों के खाते में तीन लाख 30 हजार 200 रुपये भेज चुका था। जिसके बाद आरोपितों ने न तो उसका फोन उठाया और न ही उसके पास सामान भेजा। आरोपित उसकी राशि भी नही लौटा रहे हैं। बुधवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने संदीप की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

