यमुनानगर:बाइक सवार युवकों ने हाइड्रा ऑफिस में चलाई गोलियां, एक की मौत
यमुनानगर, 19 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर में शुक्रवार देर रात खारवन चौक स्थित हाइड्रा और क्रेन कार्यालय पर बाइक सवार दो हथियारबंद युवकों ने फायरिंग कर दी। वारदात के समय कार्यालय की पहली मंजिल पर तीन दोस्त मौजूद थे। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए, जबकि जान बचाकर भागने की कोशिश में तीसरा युवक गिरकर चोटिल हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मंधार गांव निवासी 50 वर्षीय रिछपाल के रूप में हुई है।
गोली लगने से घायल कमलजीत और भागते समय गिरकर घायल हुआ गुरनील मूसिंबल गांव के रहने वाले बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, तीनों युवक कार्यालय की पहली मंजिल पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से रिछपाल और कमलजीत घायल हो गए, जबकि गुरनील बचने के प्रयास में वहां से भागा और गिरने से चोटिल हो गया। फायरिंग के बाद हमलावर हवा में गोलियां चलाते हुए फरार हो गए। नीचे काम कर रहे कर्मचारियों ने ऊपर पहुंचकर घायलों को देखा और पुलिस को सूचना दी। जगाधरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि मूसिंबल गांव के सरपंच की कार पर भी गोलियां चलाई गई हैं। पुलिस ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच की जा रही है। एसपी कमलदीप गोयल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीआईए और पुलिस की अलग-अलग टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं तथा संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में रंजिश का पहलू सामने आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

