पति की हत्या में पत्नी-प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद लखीमपुर खीरी के थाना मितौली पुलिस ने मंगलवार काे युवक की हत्या का खुलासा कर दिया है।पुलिस ने हत्या के आराेप में मृत युवक की पत्नी उसके प्रेमी सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने ही अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि बीते 16 अप्रैल को गणेश नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह तेल पिरवाकर अकेले घर लौट रहा था। मितौली पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी थी। जाँच के दौरान साक्ष्य सामने आए कि गणेश की पत्नी संध्या देवी का संबंध हरदोई निवासी पुरुषोत्तम बाजपेई के साथ काफी समय से चल रहा है। संध्या देवी ने अपने प्रेमी पुरुषोत्तम के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
इसके तहत 16 अप्रैल को जब गणेश सुनसान रास्ते से गुजर रहा था, तभी अभियुक्तों ने उसे रोककर तमंचे से फायर कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में पुरुषोत्तम बाजपेई उसकी प्रेमिका संध्या देवी, साथी प्रवेश कुमार काे गिरफ्तार कर लिया। मुख्य अभियुक्त पुरुषोत्तम बाजपेई का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पहले से ही हत्या (302) और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी प्रवेश कुमार पर भी दहेज हत्या और हत्या जैसे मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपिताें को जेल भेज दिया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

