पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या, चार लाेग पकड़े गये
लखनऊ, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थानाक्षेत्र में लकड़ी के बक्से में मिली युवक की लाश और हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की। बाद में शव को लकड़ी के बक्से में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका समेत चार लोगों को पकड़ा है, जिनमे एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने पत्रकारों को बताया कि थाना दुबग्गा छन्दोइयाखेड़ा, निकट हरि मस्जिद निवासी कविता ने सोफिया बानो और अन्य लोगों पर पति रामकिशोर की हत्या कर शव छिपाने की तहरीर दी थी। पुलिस की चार टीमें मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने इस दौरान सूफियान बानो, मुन्ना, मो. इकबाल को गिरफ्तार कर लिया। एक बाल अपचारी भी पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से आलाकत्ल एवं घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया।
अभियुक्त सूफिया बानो ने पूछताछ में बताया कि रामकिशोर वाल्मीकि से उसके पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध थे। दो वर्ष पूर्व दोनों ने निकाह कर लिया और साथ रहने लगे थे। इसी दौरान उसके संबंध एक अन्य युवक मुन्ना से भी हो गये, जिसकी जानकारी रामकिशोर को हो गई। वह विराेध करने लगा। इतना ही नहीं, रामकिशाेर अपनी पहली पत्नी कविता देवी के पास पुनः आने-जाने एवं उसे खर्चा देने लगा, जिसका वह विरोध करने लगी। इसे लेकर दाेनाें में आए दिन विवाद हाेने लगा। इसके बाद मैंने प्रेमी मुन्ना, उसके साथी मो. इकबाल उर्फ बसीर अहमद के साथ मिलकर पति रामकिशाेर की हत्या की योजना बना ली। 14 सितंबर की रात जब घर में रामकिशोर सो रहे थे, तभी मैंने प्रेमी और उसके दोस्त को बुला लिया। सोते समय दोनों ने चाकू से हमला कर रामकिशोर की हत्या कर दी।
घटना के बाद मैंने अपने नाबालिग पुत्र को बुलाया, फिर हम सभी ने शव को लकड़ी के बाक्स में रखकर घर में छिपा दिया। 15 सितंबर की रात को ई-रिक्शा लोडर में रखकर कनकहा के पास भावाखेड़ा नहर पुलिया के नीचे सबूत मिटाने के उद्देश्य से फेंक दिया था। इसके बाद जब यह पता चला कि पुलिस ने राम किशाेर का शव बरामद कर लिया और पुलिस भी उन तक पहुंच जाएगी ताे वह छिपकर रहने लगे थे। आज वह सभी लखनऊ छाेड़कर जाने वाले थे, तभी पकड़े गये। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। नाबालिग काे बाल सुधार गृह भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

