पत्नी की हत्या के बाद थाने पहुंचा पति, किया आत्मसमर्पण
जलपाईगुड़ी, 08 सितंबर (हि. स.)। जिले के जलपाईगुड़ी के बैरागीडांगा इलाके में पत्नी की हत्या के बाद पति के थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण करने की घटना से सनसनी फैल गई। आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद पति ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका की पहचान टुम्पा दास के रूप में हुई है। जबकि आरोपित पति का नाम मिठुन दास है। घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार देर रात बैरागीडांगा इलाके में टुम्पा दास और उनके पति मिठुन दास के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान मिठुन दास ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। मंगलवार सुबह घर में टुम्पा का रक्तरंजित शव पड़ा मिला।
सूचना पाकर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, पत्नी की हत्या के बाद आरोपित पति मिठुन दास खुद कोतवाली थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाने की पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

