पत्नी से तलाक मांगने पर पति पर जानलेवा हमला, गले पर किए वार
शिवपुरी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र के कमलागंज इलाके में पत्नी से तलाक मांगने को लेकर उपजे विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित जीतू प्रजापति (30) ने गुरूवार को पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पिछले दो साल से प्रशांत यादव के साथ रह रही है, लेकिन उनका कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है।
जीतू ने जब अपनी पत्नी से तलाक की मांग की, तो इसी बात को लेकर रंजिश रखी गई।
घटना के समय जीतू अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी आरोपित अंकित झींगा, प्रशांत यादव और नरेंद्र चौरसिया वहां पहुंचे और गालियां देने लगे। विरोध करने पर प्रशांत और नरेंद्र ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, जबकि अंकित झींगा ने लोहे की धारदार वस्तु से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे गंभीर चोट आने के कारण खून बहने लगा।
मौके पर मौजूद पीड़ित की मां फूलवती और भाई दीपक ने बीच-बचाव किया।
फिजिकल थाना पुलिस ने घायलों की शिकायत पर तीनों आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

