home page

पति ने दुपट्टे से गला घोट कर की पत्नी की हत्या

 | 
पति ने दुपट्टे से गला घोट कर की पत्नी की हत्या


नोएडा, 17 जून (हि.स.)। नोएडा में थाना दादरी क्षेत्र के चिटैहरा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने बुधवार को अपनी पत्नी की दुपट्टा से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गया है। पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश में लगी है। नौ साल पहले दोनों का प्रेम विवाह हुआ था।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार की सुबह थाना दादरी पुलिस को सूचना मिली कि चिटैहरा गांव में रहने वाले मोहित ने अपनी पत्नी कविता (30) की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि दोनों ने करीब 9 वर्ष पहले लव मैरिज की थी। महिला दलित समुदाय से थी जबकि आरोपी गुर्जर बिरादरी से है।

उन्होंने बताया कि दोनों के प्रेम विवाह से नाराज होकर घर वालों ने उन्हें लक्ष्मी नगर कॉलोनी में एक प्लाट लेकर दे दिया था। दोनों वहीं पर रहते थे। दंपति को बेटा और बेटी हैं। आज सुबह को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपित फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी