home page

पति ने पत्नी को 32 फीट गहरे सूखे-कुएं में धकेला आरोपित पति गिरफ्तार

 | 
पति ने पत्नी को 32 फीट गहरे सूखे-कुएं में धकेला आरोपित पति गिरफ्तार


कांकेर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पति पर पत्नी को जान से मारने की नीयत से सूखे कुएं में धक्का देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजेंद्र कुंजाम (40) ने पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद के बाद अपनी पत्नी सुनीता कुंजाम को घर के पास स्थित पुराने कुएं में धक्का दे दिया। लगभग 32 फीट गहरे कुएं में गिरने से महिला की कमर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है।

चारामा थाना प्रभारी सुरेश कुमार राठौर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित राजेंद्र कुंजाम (उम्र 40 वर्ष) निवासी चारभाटा, थाना चारामा को आज गुरूवार काे गिरफ्ताार कर लिया गया है।

चारामा थाना में महिला के बड़े भाई नरेन्द्र कोडोपी (54), निवासी दरगहन ने आज रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी छोटी बहन सुनीता के साथ उसके पति राजेंद्र कुंजाम, निवासी चारभाटा ने गाली-गलौज और मारपीट की और जान से मारने की नीयत से घर के पास स्थित सूखे कुएं में धक्का दे दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 296, 115 (2) और 109 के तहत विवेचना शुरू की, आरोपि‍त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों पति-पत्नी खेती-किसानी का काम करके बीती रात 10 बजे घर लौटे थे। इसके बाद राजेंद्र घर से करीब 40 फीट दूर गांव के पुराने कुएं के पास जाकर बैठ गया। इसी दौरान सुनीता पैसे मांगने के लिए वहां पहुंची। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में राजेंद्र ने सुनीता को सूखे कुएं में धक्का दे दिया। ग्रामीणों के अनुसार, कुएं में गिरने से बचने के लिए सुनीता ने कुएं के पास लगे पेड़ को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि राजेंद्र ने पैर से धक्का देकर उसे नीचे गिरा दिया। महिला की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई। ग्रामीणों ने बताया कि यह गांव का काफी पुराना कुआं है। कुएं में गिरने से सुनीता की कमर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है। उनकी कमर पर पट्टी लगाई गई है और उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे