पंचायत से लौटते समय पति ने दिया तीन तलाक, रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। महानगर के थाना गलशहीद क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहे झगड़े को लेकर पूर्व विधायक के घर हुई पंचायत से लौटते समय महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना नागफनी क्षेत्र के मोहल्ला डेहरिया निवासी आलिया तबस्सुम ने गलशहीद में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 30 जुलाई 2014 को थाना गलशहीद के असालतपुरा निवासी अरशद अली के साथ शादी हुई थी। पति एक प्राइवेट कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर चंड़ीगढ़ में तैनात है। पति उसे अपने साथ चंडीगढ़ ले गया और वहां आरोपित पति, ससुर अहमद अली, सास शबनम, ननद सोफिया और रुखसाना ने मारपीट की। बच्चों की पढ़ाई के कारण वह 25 अप्रैल 2025 से 4 जून तक 2026 तक चंडीगढ़ में किराये पर अलग कमरा लेकर रही है। कुछ दिन पहले वह अपने मायके आ गई। बीती 29 जून को मायके के पडोस में रहने वाले एक पूर्व विधायक के आवास पर पंचायत हुई, लेकिन उसमें कोई हल नहीं निकला। पीड़ित आलिया तबस्सुम ने बताया कि पंचायत से लौटते समय उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया था।
पीड़ित की तहरीर पर आरोपित पति, सास-ससुर व नंनदों के खिलाफ रविवार को थाना गलशहीद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

