home page

अनूपपुर: खाना नहीं बनाने के विवाद पर पति ने कर दी पत्नी की हत्या, रात भर सोया शव के साथ

 | 
अनूपपुर: खाना नहीं बनाने के विवाद पर पति ने कर दी पत्नी की हत्या, रात भर सोया शव के साथ


अनूपपुर: खाना नहीं बनाने के विवाद पर पति ने कर दी पत्नी की हत्या, रात भर सोया शव के साथ


अनूपपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव के खाल्हेटोला में दीपावली की रात आपसी विवाद में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मंगलवार को मायका पक्ष की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया।

वहीं आरोपी पति पर धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध कायम कर फिन्गरप्रिन्ट विशेषज्ञ, डाक स्काड के साथ घटनास्थल एवं शव का निरीक्षण कर घटना में प्रयुक्त लाठी जप्त कर 25 वर्षीय रामभुवन बैगा पुत्र समय लाल बैगा निवासी ग्राम लखनपुर खाल्हेटोला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुेत किया जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार पति रामभुवन बैगा पत्नी रिंकी पर शक करता था और उसे घर से बाहर जाने से रोकता था। दीपावली की रात खाना बनाने की बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पति ने पत्नी को लात-घूंसे और डंडे से बेरहमी से पीटा। सिर में गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौत हो गई थी।

थाना प्रभारी प्रवीण साहू ने बताया कि आरोपी पति को पत्नी पर शक था। इसी वजह से वह उसे घर से बाहर नहीं निकलने देता था। पत्नी ने छोटे बच्चे की देखभाल के कारण खाना नहीं बना पाने की बात कही। इसी बात पर पति ने उसे थप्पड़ मार दिए। मारपीट से परेशान पत्नी ने पति से कहा कि तुम मुझे बहुत मारते हो, अब मैं घर छोड़कर चली जाऊंगी। इसके बाद उसने फोन पर अपने मायके में माता-पिता को घटना की जानकारी दी। यह देखकर रामभुवन गुस्सा हो गया और पत्नी से मोबाइल छीनकर बंद कर दिया। उसने मायके में शिकायत करने की बात पर फिर मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पत्नी को लात-घूंसों और डंडे से पीटा था। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। सिर में गंभीर चोटें आई थीं और दाएं पैर की एड़ी की हड्डी भी टूट गई थी। डॉक्टरों की शुरुआती जांच में शरीर के कई हिस्सों पर चोटें मिलीं। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत होना बताया गया है।

सुबह रोते बच्चे की आवाज सुनकर पहुंची थी जेठानी

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी घर से भागा नहीं, बल्कि रात में घर पर ही सो गया। सोमवार सुबह महिला का एक साल का बच्चा भूख लगने पर रोने लगा। आवाज सुनकर पास में रहने वाली जेठानी कमरे में पहुंची तो रिंकी मृत अवस्था में पड़ी थी। बच्चा मां के पास रो रहा था। जेठानी ने बच्चे को उठाया और रामभुवन को जगाया। इसके बाद सरपंच और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई।

चार साल पहले हुई थी शादी

2021 में दंपती की शादी हुई थी। दोनों का एक साल का बेटा है। पति राजमिस्त्री का काम करता है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात दंपती के बीच विवाद और मारपीट की आवाजें सुनाई दी थीं। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मंगलवार दोपहर मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। ससुराल पक्ष की आपत्ति नहीं होने पर पुलिस ने शव मृतिका के माता-पिता को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला