प्रेम प्रसंग में हुई थी पति की हत्या, पत्नी सहित चार गिरफ्तार
सोनभद्र, 29 अगस्त (हि.स.)। शक्तिनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हफ्ते पहले सड़क पर मिले एनसीएल कर्मी के शव के मामले में उसकी पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ रंगरेलियां मनाते हुए देख लिया था जिसके तुरंत बाद प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पीपरी हर्ष पाण्डेय ने शनिवार काे बताया कि 23 अगस्त को बीना स्टेडियम जमशीला के पास एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पाया गया था। प्रारम्भ में घटना सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही थी, किन्तु घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर शक्तिनगर थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर तत्काल मामले की गहनता से जांच में जुट गई। पुलिस जांच के दौरान प्रकाश में आया कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 22 अगस्त को मृतक द्वारा अपनी पत्नी प्रियंका मिश्रा एवं विकास चौहान को घर पर एकसाथ देख लिया था जिसके बाद दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद के दौरान प्रियंका मिश्रा एवं विकास चौहान द्वारा रमाशंकर मिश्रा का गला दबाकर एवं पत्थर के फर्श पर सिर पटककर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। हत्या के उपरांत घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से 22 अगस्त की रात्रि में विकास चौहान द्वारा अपने सहयोगी अनुराग सिंह उर्फ बादल एवं सोनू गुप्ता के सहयोग से मृतक के शव को चादर एवं गमछे में लपेटकर सड़क किनारे ले जाकर लिटाया गया तथा वाहन से चोट पहुंचाकर घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने इस मामले में प्रेमी विकास चौहान पत्नी प्रियंका मिश्रा व प्रेमी के दो मित्र अनुराग सिंह और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

