पत्नी की अश्लील फोटो पति ने सोशल मीडिया पर किया वायरल, मुकदमा दर्ज
नोएडा, 12 अप्रैल (हि.स.)। थाना दादरी में एक महिला ने अपने पति को नामित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने उसकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि वह पहली पत्नी के होते हुए बिना तलाक लिए उससे दूसरी शादी कर लिया था। महिला के अनुसार वह उसके साथ क्रूरता करता है इसलिए उसने तलाक का मुकदमा कोर्ट में डाला है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक महिला ने रविवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी शादी विमल कोचर नामक व्यक्ति के साथ हुई। वह पहले से शादीशुदा था, इस बात को छुपाते हुए उसने महिला के साथ शादी की। पहली पत्नी से उसने कोर्ट में तलाक नहीं लिया था। महिला के अनुसार शादी के समय से ही वह उसके साथ क्रूरता करने लगा। महिला के अनुसार आरोपित ने उसकी नग्न और अर्धनग्न तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। इस घटना के चलते उसकी छवि खराब हो रही है। महिला ने पुलिस से आग्रह किया है कि आरोपित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, और उसकी फोटो सोशल मीडिया से हटाई जाए। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

