home page

पत्नी की हत्या में पति और प्रेमिका गिरफ्तार, शादी की चाहत में रची थी साजिश

 | 

नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति और उसकी कथित प्रेमिका को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पति ने प्रेमिका से शादी करने की चाहत में अपनी पत्नी सबीला खातून की हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद दोनों दिल्ली से फरार हो गए थे। पुलिस ने दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा, पटना, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और मुंबई में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों का सुराग लगाया।

पुलिस ने मामले में मृतका के पति मोहम्मद लाल बाबू उर्फ जाहिद अली और उसकी कथित प्रेमिका रुखसार खातून को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस लाल बाबू के ममेरे भाई मोहम्मद उसामा को भी गिरफ्तार कर चुकी है। उसामा पर आरोप है कि उसने हत्या के बाद लाल बाबू को पनाह दी और उसे बिहार पहुंचने में मदद की। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

सबीला खातून अपने पति लाल बाबू के साथ प्रह्लादपुर स्थित मकान नंबर 416 में रहती थी। 29 अगस्त को उसकी हत्या के संबंध में शाहबाद डेयरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लाल बाबू के रुखसार खातून से कथित तौर पर संबंध थे और वह उससे शादी करना चाहता था। इसी वजह से दोनों ने सबीला को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस का दावा है कि साजिश के तहत सबीला की घर के बाथरूम में हत्या की गई। वारदात के बाद लाल बाबू अपने नाबालिग बेटे को साथ लेकर दिल्ली से फरार हो गया। वह पहले नोएडा पहुंचा और वहां अपने ममेरे भाई उसामा से संपर्क किया। आरोप है कि उसामा ने उसे पनाह दी और पुलिस से बचने के लिए बिहार जाने में मदद की।

वारदात के बाद आरोपितों के दिल्ली से बाहर भाग जाने के कारण पुलिस के सामने उनकी तलाश चुनौती बन गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहबाद डेयरी थाना और बाहरी उत्तर जिला स्पेशल स्टाफ की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने तकनीकी जांच के साथ स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई और आरोपितों के संभावित ठिकानों की पहचान की।

पुलिस टीमों ने दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा, पटना, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और मुंबई में भी जांच की। इस दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। आरोपितों के आने-जाने के रास्तों और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इसके बाद लाल बाबू और रुखसार खातून को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, लाल बाबू करीब 22 वर्ष का है और मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है। रुखसार को उसकी कथित प्रेमिका बताया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश, वारदात में उनकी भूमिका और घटना के क्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी