सागर : शराब के विवाद में पति ने मासूम बच्चों के सामने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या
सागर, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पीने की लत ने एक परिवार को हमेशा के लिए तबाह कर दिया। शराब के विवाद में उग्र हुए पति ने अपने ही मासूम बच्चों के सामने पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
सागर पुलिस ने मंगलवार को इस सनसनीखेज घटना का खुलासा किया है। बताया गया है कि मालथौन के वार्ड नंबर-2 स्थित बड़े मोहल्ले में रहने वाली रश्मि आदिवासी का अपने पति से अक्सर शराब पीने को लेकर झगड़ा होता था। सोमवार शाम जब पति शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा, तो रश्मि ने उसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
गुस्से में अंधे हुए आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और मासूम बच्चों के सामने ही रश्मि पर कई वार कर दिए। कुल्हाड़ी के गंभीर हमलों के कारण रश्मि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मालथौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को पुलिस ने मामले का आधिकारिक खुलासा करते हुए बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया है। मालथौन थाना प्रभारी दिनेश भोजक के अनुसार, आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

