अनूपपुर: चरित्र शंका में पति ने की पत्नी की कुल्हाड़ी मार की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
अनूपपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत पयारी क्रमांक-1 में शनिवार को एक युवक ने चरित्र शंका में अपनी पहली पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि मृतका मुनिया बाई घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका पति मायाराम चौधरी कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और चरित्र संदेह को लेकर उससे विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर मायाराम चौधरी ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मायाराम चौधरी की दो पत्नियां थीं। वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर पयारी गांव में रहता था। पहली पत्नी से उसके दो बेटे हैं। आरोपी अपनी पहली पत्नी पर चरित्र संदेह करता था, जिसे इस वारदात का मुख्य कारण बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही फुनगा पुलिस चौकी प्रभारी, कोतमा एसडीओपी और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसडीओपी आरती शाक्य ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी मायाराम चौधरी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

