home page

पति ने पत्नी और तीन बेटियों को उतारा मौत के घाट

 | 
पति ने पत्नी और तीन बेटियों को उतारा मौत के घाट


जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। करधनी थाना इलाके में गुरुवार रात एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। पति ने पत्नी और तीन बेटियों की सिर व चेहरे पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शुक्रवार सुबह अपने बुजुर्ग पिता को चाय पिलाकर घर से फरार हो गया। पुलिस को हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी मिल गया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गोविंद वाटिका स्थित प्लॉट नंबर ए-169 में हत्या की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार राहुल झा ने पत्नी गीता झा और बेटियों नंदनी (23), राधिका (18) व गौरी (14) की हत्या की। गीता का शव मकान की पहली मंजिल के कमरे में, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो कमरों में मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपी ने रात में सोते समय वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे दूध वाले से दूध लिया। इसके बाद पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई। तैयार होकर वह घर से निकल गया और इसके बाद वापस नहीं लौटा। पिता ने कमरों में खून देखा तो पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।

पड़ोसियों के अनुसार राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था। पत्नी गीता मकान की पहली मंजिल पर ही बुटीक चलाती थी, जबकि तीनों बेटियां पढ़ाई कर रही थीं। नंदनी पढ़ाई के साथ निजी नौकरी भी करती थी। राहुल करीब तीन दिन पहले गुजरात से लौटा था। एक पड़ोसी महिला के मुताबिक राहुल ने तीन दिन पहले उससे 50 हजार रुपए उधार मांगे थे, जिसमें उसने 25 हजार रुपए दिए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह मकान करीब छह साल पहले खरीदा था। वारदात का पता चलते ही रिश्तेदार और पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर किसी को अंदर जाने से रोक दिया और मौके से साक्ष्य जुटाए। आरोपी के भाई संजय कुमार झा और भतीजे राज ने बताया कि राहुल और गीता के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था। राहुल तीन दिन पहले घर आया था और उस समय परिवार ने साथ बैठकर खाना भी खाया था। तब किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं मिली थी।

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के साथ हत्या के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश