पति ही निकला पत्नी का हत्यारा, आरोपित गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
औरैया, 26 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में जनपद के फफूँद थाना क्षेत्र के ग्राम पुर्वा कुशल में शनिवार को नाले में मिले महिला के शव के मामले में रविवार को चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मृतका शकुंतला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति राजू भदौरिया ने ही की थी। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
शनिवार को गांव के पास नाले में घुटनों तक पानी में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटनास्थल के पास खेत में साड़ी और चप्पल मिलने से ही मामला संदिग्ध लग रहा था। ग्रामीणों ने भी पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाले विवाद और मारपीट की बात बताई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने उसी दिन आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद मृतका के देवर रामू सिंह की तहरीर पर राजू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। मायके पक्ष की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। मृतका अपने पीछे 13 वर्षीय पुत्र समर सिंह और विवाहित पुत्री सपना को छोड़ गई है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि रविवार को आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

