पति पर पत्नी की हत्या का आरोप, फरार
| Sep 26, 2026, 12:43 IST
धुबड़ी (असम), 26 सितंबर (हि.स.)। धुबड़ी जिलांतर्गत चापर के सोवारी इलाके में पति द्वारा पत्नी की बड़ी बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि बीती रात चापर सोवारी के निजपट्टी इलाके में नशे में धुत एक व्यक्ति की अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। नाराज पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसके चलते महिला की मौत हो गयी।
घटना के बाद से हत्या का आरोपित तुलसी उरांव फरार है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृत महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपित की तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

