home page

जमीन विवाद में पति ने सरिए से पत्नी का सिर फोड़ा, तड़पती छोड़ हुआ फरार, आरोपी पति पुलिस हिरासत में

 | 
जमीन विवाद में पति ने सरिए से पत्नी का सिर फोड़ा, तड़पती छोड़ हुआ फरार, आरोपी पति पुलिस हिरासत में


बांसवाड़ा, 28 मई (हि.स.)। शहर के नबीपुरा इलाके में गुरुवार सुबह घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जमीन अपने नाम कराने के विवाद में पति ने लोहे के सरिए से पत्नी के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति गंभीर रूप से घायल पत्नी को तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नबीपुरा इलाके में सुबह हुई। मृतका की पहचान इतरी मईड़ा (32) के रूप में हुई है। वह तीन बेटों की मां थी। आरोपी पति सूरज मईड़ा पेंट और पुताई का काम करता है। कोतवाली थाने के एएसआई चंद्रवीर सिंह के अनुसार इतरी मईड़ा का पीहर सुरपुर ढाणी क्षेत्र में है। कुछ समय पहले वहां एक जमीन खरीदी गई थी, जिसकी रजिस्ट्री इतरी के नाम पर थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि पति सूरज लगातार उस जमीन को अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

गुरुवार सुबह भी इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोपी के बड़े भाई गौतम ने बताया कि सुबह दोनों घर में मौजूद थे। इतरी उस समय घर में बर्तन साफ कर रही थी। इसी दौरान जमीन के नामांतरण को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आए सूरज ने घर में रखा लोहे का सरिया उठाया और पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

हमला इतना जोरदार था कि इतरी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही तड़पने लगी। वारदात के बाद आरोपी सूरज बिना किसी मदद के उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया।

घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग और आरोपी का बड़ा भाई गौतम मौके पर पहुंचे।

उन्होंने गंभीर रूप से घायल इतरी को संभाला और तत्काल ऑटोरिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद इतरी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल और नबीपुरा इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना अधिकारी बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि वारदात के बाद फरार आरोपी पति सूरज मईड़ा को पुलिस ने डिटेन कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

मृतका का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस का कहना है कि पीहर पक्ष की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस वारदात ने तीन मासूम बच्चों की जिंदगी को झकझोर कर रख दिया है। मां की हत्या और पिता की गिरफ्तारी के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस घरेलू विवाद, संपत्ति विवाद और पारिवारिक तनाव सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित