शहडोल: सास और पत्नी की हत्या कर दरवाजे पर ताला लगा भागा पति, बदबू आने पर खुला राज
शहडोल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में गुरुवार को बंद कमरे के अंदर मां-बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव करीब पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने महिला के रिश्तेदार को सूचना दी। अहमदाबाद में रह रहे रिश्तेदार ने डायल-112 को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के बाहर लगा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में दोनों के शव मिले।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय रुचि रजक और उसकी मां 50 वर्षीय सावित्री पति प्रेमलाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रुचि का मायका सीधी जिले के मझौली में है। उसकी शादी वर्ष 2025 में नवागांव में हुई थी और वह पति के साथ रह रही थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रविवार को उसकी मां सावित्री बेटी को मायके ले जाने के लिए नवागांव पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर रुचि के पति से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। आशंका है कि विवाद के बाद पति ने पत्नी और सास की हत्या कर दी और घटना को अंजाम देने के बाद घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे रविवार रात गांव से जाते हुए देखने की बात पुलिस को बताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

