अनूपपुर: मायके जाने के विवाद पर पत्नी को डंडे से पीटकर की हत्या, खून के दाग छिपाने गोबर से की पुताई, आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के टिकाई टोला में बुधवार रात मायके जाने की बात पर हुए विवाद में पति ने पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह घटना सामने आने पर पुलिस ने आरोपी पति को अभिरक्षा में लिया। पुलिस के अनुसार, उसने खून के दाग छिपाने के लिए कमरे में गोबर से पुताई भी कर दी थी।
एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि मृतिका 23 वर्षीय चंदा देवी कोल पति 26 वर्षीय सुदामा अगरिया दोनों करीब पांच साल पहले प्रेम संबंध के बाद साथ रहने लगे थे और बाद में शादी कर ली थी। दोनों मजदुरी करते थे। चंदा अक्सर बिना बताए मायके चली जाती थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। गांव के लोग कई बार दोनों को समझाकर मामला शांत करा देते थे।
नशे में घर आया, फिर पत्नी से झगड़ा हुआ। बुधवार की रात सुदामा नशे की हालत में घर आया। मायके जाने की बात पर उसने चंदा को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच बहस बढ़ गई। और चंदा ने गाली-गलौज की, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। दोनों को झगड़ते देख सुदामा की मां अपने करीब ढाई साल और डेढ़ साल के दो पोते-पोतियों को लेकर दूसरे के घर चली गईं। इसी दौरान सुदामा ने बांस के डंडे से चंदा की पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। जिसका सुदामा को तत्काल अहसास नहीं हुआ। वह शव को घसीटकर कमरे के अंदर ले गया और नशे की हालत में उसके पास ही सो गया।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह उठने पर सुदामा ने चंदा के सिर पर खून देखा। कमरे में भी खून फैला था। इसके बाद उसे पत्नी की मौत का पता चला। खून के निशान छिपाने के लिए उसने कमरे में गोबर से पुताई कर दी, लेकिन दाग पूरी तरह नहीं छिप सके। इसी दौरान उसकी मां दोनों बच्चों को लेकर घर लौटीं। कमरे में बहू को मृत देखकर वह रोने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे। घर में खून के निशान और चंदा का शव देखकर ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा और सुदामा को अभिरक्षा में लिया। अंतिम संस्कार के बाद आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

