अनूपपुर: पति ने बीच सड़क पत्नी को पीटा, महिला के सिर में चोट, आरोपी पति फरार
अनूपपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को पति अपनी पत्नी को बीच सड़क पर हेलमेट से पीटने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। इस घटना में महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं है, वहीं महिला ने महिला थाना के साथ भालूमाड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार घटना परासी गांव के पास हुई थी। पीड़िता कहीं जा रही थीं, तभी उनका पति भूषण यादव बाइक से वहां पहुंचा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में पति अपनी पत्नी के बाल पकड़कर हेलमेट से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। हेलमेट के वार से महिला के सिर में चोट आई और खून बहने लगा, जिससे वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गई थी।
घटना के बाद पीड़िता भालूमाड़ा थाना पहुंचीं और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपी 40 वर्षीय भूषण यादव के खिलाफ धारा 229 और 115 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रधान आरक्षक सपन नामदेव ने बताया कि आरोपी पति फरार है और उसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता परासी में किराए के मकान में अपने बेटे और बेटी के साथ रहती हैं। वह कृषि सखी के रूप में काम कर अपना गुजारा करती हैं। पिछले एक साल से अपने पति भूषण यादव से अलग रह रही हैं। महिला का आरोप है कि पति लंबे समय से उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। महिला ने बताया कि न्यायालय में उनके वैवाहिक विवाद का मामला लंबित होने और एक वर्ष से अलग रहने के बावजूद, भूषण यादव लगातार उनका पीछा कर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

