पति ने साथी संग मिलकर पत्नी की हत्या का प्रयास किया
नोएडा, 13 मई (हि.स.)। नाेएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में एक महिला काे प्रेम विवाह करना महंगा पड़ गया है। आराेप है कि देर रात पति ने अपने साथी के साथ मिलकर पत्नी काे बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया। उसकी हत्या का प्रयास किया गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के परिवार की तहरीर पर युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की बीती रात को लीलावती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बरौला गांव में रहती हैं। उसकी बेटी सपना ने प्रेम प्रसंग के चलते परिवार की बिना अनुमति के छह महीने पहले युवक सागर वैद से मंदिर में शादी कर ली। बाद में दोनों परिवार के लोगों के बीच बातचीत हुई और सामाजिक रीति रिवाज से शादी करने पर सहमति बन गई। 12 मई की रात को सागर ने उसकी बेटी सपना को बातचीत करने के लिए वेदवन पार्क सेक्टर 78 पर बुलाया।
इसी दाैरान वहां पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी बीच सागर का साथी राहुल भी वेदवन पार्क में पहुंच गया। दोनों में मिलकर उसकी बेटी के ऊपर ईट ,लोहे के कड़े से सिर पर कई बार वार किया। इस घटना में वह लहूलुहान होकर मूर्छित हो गई ताे यह देखकर सभी आराेपित फरार हाे गये। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनाें उसे अत्यंत गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। महिला के परिजनाें की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आराेपिताें की तलाश शुरू कर दी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

