home page

अनूपपुर: पत्नी पर पत्थर से हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल

 | 
अनूपपुर: पत्नी पर पत्थर से हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल


अनूपपुर, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत डोडिया गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, महिला खेलन बाई नेताम तीन दिन पहले अपने मायके मौहारी गांव से राजेंद्रग्राम स्थित डोडिया गांव में अपने मामा राजू सिंह के घर मेहमानी पर आई थी। दूसरे दिन रात में आरोपी पति सोहन सिंह निवासी ग्राम मुंडा, जिला उमरिया पहुंचा और बहाने से पत्नी को घर से बाहर ले गया। सुनसान रास्ते पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सोहन ने पत्थर से खेलन बाई के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी पीसी कोल ने शनिवार को बताया कि पूछताछ में आरोपी सोहन सिंह ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह काम के सिलसिले में बेंगलुरु गया था, उस दौरान उसकी पत्नी अपने दो साल के बेटे के साथ किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी। बेंगलुरु से लौटने के बाद जब वह पत्नी को लेने ससुराल गया, तो उसने साथ आने से साफ इनकार कर दिया। इसी रंजिश के चलते उसने डोडिया गांव पहुंचकर पत्नी पर हमला किया।

ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा

पत्थर के हमले से महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी सोहन सिंह को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला को पहले राजेंद्रग्राम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद अनूपपुर से उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

हत्या के प्रयास का मामला

फरियादी राजू सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी सोहन सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला