पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर किया हमला, दोनों पैरों में गंभीर चोट; आरोपित फरार
सीहोर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरूंदा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक पति द्वारा पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का गुरूवार को मामला सामने आया है। हमले में महिला के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि आरोपित घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना भैरूंदा थाना क्षेत्र के हाथीघाट गांव में बुधवार देर रात की है। बताया गया है कि चंपालाल धनवारे और उसकी पत्नी लक्ष्मीबाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद देर रात करीब एक बजे आरोपित ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में महिला के दोनों पैरों पर गंभीर चोटें आईं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव के दौरान पुत्र सुनील भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए पहले भैरूंदा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों का उपचार जारी है।
घटना के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर भैरूंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों का विस्तृत खुलासा हो सकेगा। फिलहाल महिला की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

