home page

भाई दूज के बाद घर चलने को लेकर विवाद, पति ने पत्नी का चाकू से रेता गला

 | 
भाई दूज के बाद घर चलने को लेकर विवाद, पति ने पत्नी का चाकू से रेता गला


बहराइच, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। भाई दूज के बाद घर लौटने की बात को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर पीछे से उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सीएचसी नवाबगंज और फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।

नानपारा के राजापुर इमिलिया गांव निवासी मुंशीलाल अपनी पत्नी गुड़िया (26) के साथ इलाके के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। दीपावली पर दोनों नवाबगंज क्षेत्र के धनकुट्टी गांव स्थित गुड़िया के मायके आए थे। दीपावली के बाद मुंशीलाल ने पत्नी से घर चलने को कहा, जबकि गुड़िया ने भाई दूज की पूजा और परंपरा निभाने के बाद जाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बाद में मुंशीलाल मान गया, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ।

बुधवार दोपहर गांव के एक घर में सत्यनारायण कथा का आयोजन था। परिवार के लोग कथा में शामिल होने गए थे। कथा समाप्त होने के बाद गुड़िया प्रसाद लेने के लिए घर से निकली। आरोप है कि घर से करीब 50 मीटर दूर पीछे से पहुंचे मुंशीलाल ने उसके बाल पकड़ लिए और गले पर चाकू से वार कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल गुड़िया को लहूलुहान हालत में देखा और भागने की कोशिश कर रहे मुंशीलाल को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

नवाबगंज थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि घायल महिला को तत्काल सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर बुधवार शाम करीब छह बजे चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA