पत्नी की हत्या के आरोपित पति गिरफ्तार
देहरादून, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के देहरादून शहर के डालनवाला क्षेत्र में आपसी कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर धारदार हथियार से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार मोहिनी रोड स्थित एक मकान के सर्वेंट क्वार्टर में हुई। आरोपित रामजी पाल (38) अपने परिवार के साथ यहां रह रहा था। सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौटने पर उसका पत्नी सोनू पाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान रामजी पाल ने आवेश में आकर कमरे के पास रखे धारदार पाठल से पत्नी के गले पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित ने घटना में प्रयुक्त हथियार घर के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
सूचना मिलने पर डालनवाला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को सर्वेंट क्वार्टर में महिला का शव मिला, जिसके चेहरे और गले पर गहरे चोट के निशान थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। मृतका के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली डालनवाला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपित रामजी पाल को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित मूल रूप से ग्राम आदिलपुर,पोस्ट खंडासा,थाना कुमारगंज, जिला अयोध्या, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में मोहिनी रोड, डालनवाला में रह रहा था।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

