home page

दहेज प्रताड़ना मामले में पति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

 | 
दहेज प्रताड़ना मामले में पति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया


किशनगंज, 26 जून (हि.स.)। दहेज प्रताड़ना के एक मामले में महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

आरोपी पर पत्नी को दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा घर से निकाल देने का आरोप है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के झांटिबाड़ी निवासी मोहम्मद दिलशाद आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई आरोपी की पत्नी खुशतबी बेगम द्वारा महिला थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर की गई। पीड़िता ने 13 मार्च को दर्ज कराई गई शिकायत में पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

प्राथमिकी में खुशतबी बेगम ने बताया कि उनकी शादी करीब नौ वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार मोहम्मद दिलशाद आलम से हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष की ओर से सोना-चांदी के आभूषण, बाइक, फर्नीचर सहित अन्य कीमती सामान उपहार स्वरूप दिए गए थे। इसके बावजूद शादी के बाद से ही उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद पति और ससुराल वालों ने दो लाख रुपये नकद, दो भर सोना और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने का प्रयास भी किया गया। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उनकी जान बची। इसके बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह मायके में रहने लगीं और महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में दर्ज अन्य आरोपों की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह