पत्नी की हत्या की साजिश नाकाम, पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
सोलन, 11 जुलाई (हि.स.)। सोलन में एक महिला की हत्या को अंजाम देने पति समेत तीन लोगों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है ।
मामले के अनुसार पत्नी को उत्तर प्रदेश से हिमाचल घुमाने के बहाने सोलन बुलाया, लेकिन उसे क्या पता था कि घुमाना तो बहाना है, पति ने हत्या का प्लान बना रखा था । पत्नी के साथ उसका सगा भाई और एक दोस्त भी आया था। तीनों ने मिलकर महिला की हत्या की कथित साजिश रची थी । जिसे अंजाम देकर फरार हो रहे थे, लेकिन स्थानीय व्यक्ति ने उनके प्लान को चौपट कर दिया ।
स्थानीय व्यक्ति की मौके से ही पुलिस को सूचना देने के चलते महिला को सुरक्षित बरामद किया गया तो वहीं अपराधियों को भी धर दबोचा गया ।
शुक्रवार देर रात देहुंघाट के पास सुनसान स्थान पर तीन लोगों ने पहले महिला के गले पर चाकू से वार किया और फिर उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी ढांक में धक्का दे दिया व खुद फरार हो गए।
इस घटना को बड़ोग निवासी नरेश कुमार ने गुजरते हुए देख लिया । नरेश कुमार ने पहले तीनों युवकों को महिला के साथ देखा, थोड़ी दूर जाने के बाद उन्हें शक हुआ, तो वे वापस लौटे। लौटकर देखा तो तीनों महिला को खाई में धक्का देकर भाग रहे थे। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सपरून चौकी और सदर थाना सोलन की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह नीचे की ओर बाईपास सड़क तक पहुंच गई, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है ।
पुलिस ने घटना के करीब आधे घंटे के भीतर नगाली के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान महिला का पति दलीप कुमार (28) निवासी जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश, दिलीप का सगा भाई शिवम (20) तथा दिलीप का दोस्त मदन कुमार (28), निवासी जिला गौंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है ।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल महिला मोनिका और उसके पति दलीप कुमार के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते दलीप ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की कथित साजिश रची। उसे उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाया गया और सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई।पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर तीनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी के साथ ही घटनास्थल से भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

