home page

पत्नी के खाना बनाने से इनकार करने पर पति ने की थी हत्या, गिरफ्तार

 | 
पत्नी के खाना बनाने से इनकार करने पर पति ने की थी हत्या, गिरफ्तार


नोएडा, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के थाना दादरी पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले आरोपित पति को बृहस्पतिवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि खाना नहीं देने पर आरोपित का पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इस बात से गुस्से में आकर आरोपित ने दुपट्टे से पत्नी का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपित घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त दादरी प्रशाली गंगवार ने बताया कि अपनी पत्नी कविता की हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपित पति मोहित निवासी ग्राम चिटहेरा को नवीन मंडी दादरी के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित शराब का आदी था। इस कारण आए दिन पत्नी के साथ विवाद व झगड़ा करता था। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना से पहले भी दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसके बाद पत्नी ने खाना नहीं बनाने और नहीं देने की बात कही। इस पर गुस्से में आकर आरोपित पति ने दुपट्टे से अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित के पास से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपित ने करीब 9 वर्ष पूर्व मृतका से प्रेम विवाह किया था। मृतका दलित समुदाय से थी, जबकि आरोपित गुर्जर बिरादरी से है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी