home page

पत्नी को समझौते के बहाने बुलाकर मौत के घाट उतारने वाला पति गिरफ्तार

 | 
पत्नी को समझौते के बहाने बुलाकर मौत के घाट उतारने वाला पति गिरफ्तार


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। चौमूं थाना क्षेत्र में टांटियावास टोल प्लाजा के पास आनंदलोक योजना स्थित रेलवे अंडरपास के निकट मिली महिला की लाश के मामले का जयपुर पश्चिम जिला पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 20 अप्रैल की सुबह अंडरपास के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को शव संदिग्ध हालत में मिला, जिसके मुंह पर कपड़ा बंधा था और शरीर पर चोट के निशान थे। बाद में मृतका की पहचान मीनू शर्मा निवासी हरमाड़ा/धोबलाइ के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि मीनू शर्मा पिछले करीब 7 वर्षों से अपने पति से विवाद के चलते अलग रह रही थी और पीहर में रह रही थी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महिला एक बाइक सवार के साथ जाती नजर आई। बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान पति सतीश उर्फ कैलाश चंद शर्मा के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने पत्नी को बातचीत के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आवेश में आकर उसने गला दबाकर और मारपीट कर पत्नी की हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

मामले के खुलासे में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी चौमूं आलोक सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी चौमूं हरबेन्द्र सिंह, थानाधिकारी हरमाड़ा उदयसिंह, डीएसटी प्रभारी गणेश तथा टीम के हेड कांस्टेबल राजेंद्र, कृष्ण कुमार और तकनीकी सहायक राजमहेन्द्र की अहम भूमिका रही। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश