पत्नी पर जानलेवा हमले का आरोपित गिरफ्तार, दूसरी युवती से करना चाहता था निकाह
कानपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में मंदिर में शादी कर पांच साल तक साथ रहने के बाद दूसरी युवती से निकाह करने की तैयारी का विरोध करने पर एक युवक ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और कैंची से गर्दन पर वार करने के आरोपित पति को रेलबाजार पुलिस ने गुरुवार को सीओडी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रावतपुर स्थित राधा विहार निवासी रूबी कश्यप ने पुलिस को बताया कि करीब पांच साल पहले सुजातगंज निवासी मोहम्मद कलीम से मंदिर में शादी हुई थी। शादी के बाद कलीम उसे अपने साथ नोएडा ले गया था। इस दौरान उसने बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि कलीम कुछ समय बाद उसके साथ मारपीट करने लगा और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक, सितंबर 2026 में बेटे के जन्म के बाद कलीम ने निकाह करने और उसके माता-पिता के साथ कानपुर में रखने का भरोसा देकर उसे यहां बुलाया। कानपुर पहुंचने पर उसे पता चला कि कलीम किसी दूसरी युवती से शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसका विरोध करने पर कलीम और उसके परिजनों ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। इनकार करने पर कलीम ने जान से मारने की नीयत से कैंची से उसकी गर्दन पर वार कर दिया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी आशीष चौबे ने बताया कि 10 नवंबर को पीड़िता ने रेलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की थी। आज पुलिस ने सीओडी पुल के पास से मोहम्मद कलीम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नोएडा जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

