दहेज हत्या के मामले में पति और सास गिरफ्तार
नोएडा, 29 जुलाई (हि.स.)। थाना कासना पुलिस ने घंघोला गांव में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या करने के आरोप में पति और सास को बुधवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अभी देवर फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गाजियाबाद के जावली गांव की रहने वाली दो सगी बहनें तनु और तनीषा की शादी वर्ष 2020 में घंघोला गांव निवासी अमित व उसके भाई सुमित के साथ हुई थी। दोनों बहनों के दो-दो बच्चे हैं। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर दोनों बहनों को प्रताड़ित कर रहे थे। सोमवार की रात तनु की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर मंगलवार को कासना कोतवाली में जमकर हंगामा किया था। उसके बाद पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम को पुलिस ने तनु के आरोपित पति अमित और सास कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

