home page

पत्नी से जबरन देह व्यापार कराने का आरोपित पति चार साल बाद महाराष्ट्र से गिरफ्तार

 | 
पत्नी से जबरन देह व्यापार कराने का आरोपित पति चार साल बाद महाराष्ट्र से गिरफ्तार


कानपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पत्नी को जबरन देह व्यापार के लिए मजबूर करने के मामले में चार साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपित पति को पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने मंगलवार को बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपित लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। सर्विलांस टीम की मदद से उसकी लोकेशन महाराष्ट्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मीरा रोड क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने वर्ष 2022 में पति के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। महिला के मुताबिक, उसकी शादी दो मई 2022 को कोलकाता के बड़तल्ला निवासी अभय सिंह उर्फ सोनू से हुई थी। शादी के बाद पति और ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप लगाया गया था।

महिला ने आरोप लगाया था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करने लगा। बाद में पति उसे कोलकाता के सोनागाछी स्थित रेडलाइट एरिया में ले गया और वहां जबरन देह व्यापार कराने लगा। विरोध करने पर मारपीट और उत्पीड़न किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

शिकायत के आधार पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही अभय सिंह उर्फ सोनू घर छोड़कर फरार हो गया और लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। सर्विलांस टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोकेशन ट्रेस की। महाराष्ट्र के मीरा रोड में उसकी मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप