बक्सा जंगल में शिकार की कोशिश नाकाम, हथियार समेत चार शिकारी गिरफ्तार
अलीपुरद्वार, 02 मार्च (हि.स.)। दोल उत्सव से ठीक पहले बक्सा टाइगर रिजर्व के जंगल में शिकार करने घुसे चार लोगों को वन विभाग की एंटी-पोचिंग टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई रविवार देर को वोल्का रेंज के च्यांगमारी बीट क्षेत्र में की गई। हालांकि, उनके अन्य साथी झाड़ियों और संकोश नदी पार कर असम की ओर फरार हो गए।
बक्सा टाइगर रिजर्व (पूर्व) के उपक्षेत्रीय निदेशक देवाशीष शर्मा ने सोमवार को बताया गया कि करीब दस लोगों का एक शिकारी दल तीर-धनुष लेकर जंगल में रात दाखिल हुआ था। एंटी-पोचिंग टीम को देखते ही वे भागने लगे। पीछा कर चार लोगों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान असम के कोकराझार जिले का निवासी असम सुनिराम मुर्मू, मतिलाल हांसदा, बुधिराम मुर्मू और सकोल हांसदा के रूप में हुई है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। शर्मा ने बताया कि कुछ विशेष जनजातीय समुदायों में परंपरागत रूप से दोल के समय जंगल में शिकार करने की प्रथा रही है।
उन्होंने कहा, इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए हम लगातार जागरूकता अभियान चला रहे है। एंटी-पोचिंग टीमें दिन-रात जंगल में गश्त कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

