home page

छत्तीसगढ़ से लाई गई महिला का बांदा में हुआ 20 हजार रुपये में सौदा

 | 
छत्तीसगढ़ से लाई गई महिला का बांदा में हुआ 20 हजार रुपये में सौदा


मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

बांदा, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना एएचटीयू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को सकुशल रेस्क्यू कर मानव तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला को छत्तीसगढ़ के रायपुर से बांदा लाकर कथित तौर पर 20 हजार रुपये में खरीद-फरोख्त की गई थी। मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बदौसा थाना क्षेत्र के ग्राम हड़हामाफी में कुछ लोगों द्वारा एक महिला की खरीद-फरोख्त की गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना एएचटीयू पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर महिला को रेस्क्यू किया। उसका बयान दर्ज कराने और चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे सकुशल वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।

इसके बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 20 अगस्त को एएचटीयू पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़ोखर खुर्द बाईपास चौराहे के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पुत्र नत्थू, रामभवन पुत्र सुभाष, गरीबदास पुत्र रामआसरे और उदित उर्फ लक्कू पुत्र उदयभान, सभी निवासी ग्राम हड़हामाफी, थाना बदौसा, जनपद बांदा के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी विनय ने बताया कि उसकी महिला से मुलाकात छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक लोहे की कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। आरोप है कि इसके बाद वह महिला को रायपुर से बांदा लेकर आया और 20 हजार रुपये में रामभवन को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, रकम पूरी न मिलने पर बाद में महिला को गरीबदास को सौंप दिया गया। पूरे मामले में आरोपी उदित उर्फ लक्कू द्वारा मध्यस्थ की भूमिका निभाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने मामले में धारा 143(2) बीएनएस के तहत थाना एएचटीयू में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, उप निरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय और कांस्टेबल प्रशांत यादव शामिल रहे।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मानव तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह