बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, लार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देवरिया, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में थाना लार पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा योद्धा पिकअप वाहन से भारी मात्रा में देशी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने 1616 लीटर अवैध शराब बरामद कर शनिवार को आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि थाना लार पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार की ओर अवैध शराब की खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पटनेजी पुल वाले बंधे के पास घेराबंदी कर टाटा योद्धा पिकअप वाहन संख्या BR 28 GA 7840 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 140 पेटी बन्टी बबली देशी शराब, 30 पेटी ऑफिसर चॉइस अवैध अंग्रेजी शराब तथा आठ पेटी बडवाइजर बीयर बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि बरामद शराब में बन्टी बबली देशी शराब के 6300 पाउच। प्रत्येक 200 एमएल का पैक है। इसकी कुल मात्रा 1260 लीटर बताई गई। वहीं ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब के 1440 पाउच मिला है। प्रत्येक 180 एमएल क्षमता के पाए गए। इसकी कुल मात्रा लगभग 260 लीटर है। इसके अलावा बडवाइजर बीयर के 192 केन। प्रत्येक केन 500 एमएल क्षमता के हैं। 96 लीटर बताई गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना लार में 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक परवेज आलम, कांस्टेबल दीपक कुमार, शेरे अली एवं विपुल गिरी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

