गाड़ी के तहखाने में छिपाकर लाई जा रही 137.5 लीटर शराब-बियर जब्त
नवादा, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की सतर्कता से रविवार को शराब तस्करी की एक बड़ी कोशिश विफल कर दी गई। जांच अभियान के दौरान झारखंड की ओर से आ रही एक बोलेरो से 137.5 लीटर शराब और बियर बरामद की गई। इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता ने बताया कि झारखंड सीमा से बिहार में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की नियमित और सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में बोलेरो (संख्या जेएच04सी1407) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान चालक, सहचालक, बीच और पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त तहखानों के अलावा डैशबोर्ड के फाइबर पैनलों से भी शराब और बियर बरामद हुई।
गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया बस्ती निवासी प्रवीण कुमार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप नवादा और अकबरपुर क्षेत्र में पहुंचाई जानी थी। उसने यह भी खुलासा किया कि सतगांवा थाना क्षेत्र के बबलू नामक व्यक्ति ने उसे शराब से भरी बोलेरो उपलब्ध कराई थी।
उत्पाद विभाग ने वाहन को जब्त करते हुए गिरफ्तार तस्कर एवं अन्य संदिग्धों के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही इस अवैध तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

