home page

एचपीयू में दो छात्र गुटों में झड़प, चाकू से हमला होने पर एक छात्र घायल

 | 
एचपीयू में दो छात्र गुटों में झड़प, चाकू से हमला होने पर एक छात्र घायल


शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में सोमवार को दो छात्र गुटों के बीच झड़प हो गई, जिसमें तेजधार हथियार से हमला होने के कारण एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया।

पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी परिसर में हुई। थाना बालूगंज को फोन के जरिए सूचना मिली थी कि लॉ फैकल्टी के पास दो छात्र गुटों के बीच झगड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत विश्वविद्यालय परिसर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता मुकेश कुमार का बयान दर्ज किया है। मुकेश कुमार चंबा जिले के तीसा क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। अपने बयान में मुकेश कुमार ने बताया कि वह अपने साथियों योगराज, धनराज और अमन कुमार के साथ लॉ फैकल्टी के प्रांगण में खड़ा था। इसी दौरान मोहित डोगरा नाम का युवक लॉ फैकल्टी के गेट से बाहर आया और अचानक चाकू निकालकर उन्हें धमकाने लगा।

शिकायत के मुताबिक इसी दौरान मोहित डोगरा ने धनराज पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में धनराज के पेट में चोट लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तुरंत उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला ले जाया गया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाना में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय में पिछले कुछ दिनों से छात्र संगठनों के बीच तनाव चल रहा था। सोमवार को भी पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला झड़प तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान कई अन्य छात्रों को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना के बाद पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। सुरक्षा के लिहाज से फिलहाल लॉ विभाग में बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।

इस घटना के बाद छात्र संगठनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। छात्र संगठन एसएफआई की जिला समिति के अध्यक्ष विवेक का कहना है कि उनके संगठन से जुड़े एक कार्यकर्ता पर पेट में तेजधार हथियार से हमला किया गया है। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की विश्वविद्यालय इकाई की प्रतिनिधि राखी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में एक आम छात्र के साथ मारपीट की गई है और परिसर में लगातार हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है।

उधर शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को विश्वविद्यालय परिसर में तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस संबंध में शिकायत मिली है और उसी आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घायल छात्रों का मेडिकल करवाया जा रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा