हिमाचल विश्वविद्यालय में एसएफआई-एबीवीपी कार्यकर्ताओं में झड़प, पांच छात्र गिरफ्तार
शिमला, 19 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के समरहिल परिसर में शनिवार को छात्र संगठनों के बीच विवाद के बाद झड़प हो गई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एसएफआई और एबीवीपी से जुड़े दोनों पक्षों के कुल पांच छात्रों को निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इन छात्रों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हिरासत में लिया गया। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।
पुलिस के अनुसार यह विवाद पूर्व की एक घटना को लेकर शुरू हुई बहसबाजी के बाद बढ़ा। शनिवार को एबीवीपी और एसएफआई से जुड़े छात्र-छात्राओं के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस, त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) और विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इससे विवाद को और बढ़ने से रोक लिया गया।
झड़प को लेकर दोनों छात्र संगठनों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट शुरू करने के आरोप लगाए गए हैं। एसएफआई के अनुसार उसके कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास कुलपति के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। एसएफआई ने आरोप लगाया कि उसके कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं और मामले की जांच की मांग की है।
वहीं, एबीवीपी ने एसएफआई के आरोपों को खारिज करते हुए मारपीट की शुरुआत एसएफआई कार्यकर्ताओं की ओर से होने का आरोप लगाया। एबीवीपी का कहना है कि उसके कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट हुई। पुलिस के अनुसार झड़प के दौरान दोनों पक्षों के कुछ छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है।
घटना के दौरान कुछ कार्यकर्ता उग्र नजर आए। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें पुलिस छात्रों को आपस में हो रहे झगड़े से अलग करती दिखाई दे रही है।
पुलिस ने कहा है कि विश्वविद्यालय परिसर में शांति और कानून-व्यवस्था भंग करने या हिंसा एवं उपद्रव करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पांच छात्रों की गिरफ्तारी इसी कार्रवाई का हिस्सा है। पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और परिसर में कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

