एचपीयू में एसएफआई-एबीवीपी झड़प मामले में तीन छात्र गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजे
शिमला, 24 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) परिसर में एसएफआई और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक बिरसांता (23) निवासी तहसील शिलाई जिला सिरमौर, देव राज (26) निवासी तहसील ददाहू जिला सिरमौर और अंशुल मिन्हास (22) निवासी तहसील नादौन जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। शिमला पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच अभी जारी है।
यह मामला बीते माह 27 फरवरी का है, जब थाना बालूगंज क्षेत्र के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में एसएफआई और एबीवीपी छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी भेजा गया।
इस मामले में वादी अंकित चंदेल की शिकायत और घायलों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलसी) के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत थाना बालूगंज में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मामले में प्रासंगिक धाराओं में संशोधन भी किया गया। घायल भवानी ठाकुर की एमएलसी के आधार पर धारा 118(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
जिला पुलिस शिमला ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि परिसर और शहर में शांति बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

