हिमाचल विश्वविद्यालय में छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई, नौ गिरफ्तार
शिमला, 23 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र गतिविधियों के बीच पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नौ युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवक छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। इनमें सात युवकों को बुधवार को कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान पुलिस के काम में बाधा डालने और मौके पर अव्यवस्था उत्पन्न करने के मामले में पकड़ा गया, जबकि दो युवकों की गिरफ्तारी एक दिन पहले छात्र से मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हुई।
पुलिस के अनुसार बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस के काम में बाधा डालने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कार्रवाई दल की मदद ली गई और सात युवकों को पुलिस थाना बालूगंज ले जाया गया। पुलिस रपट के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के प्रावधानों के तहत कमलेश (35), निवासी करसोग, जिला मंडी, प्रवेश निवासी शिलाई, जिला सिरमौर, मुकेश निवासी चूराह, जिला चंबा, आशीषनिवासी ननखड़ी, जिला शिमला, किशोर कुमार निवासी कुल्लू सदर, जिला कुल्लू, हैप्पी निवासी थुनाग, जिला मंडी और चमन निवासी चूराह, जिला चंबा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी गिरफ्तार युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। पुलिस के अनुसार उन्हें नियमानुसार थाना हवालात में रखा गया और सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इससे एक दिन पहले 22 सितंबर को विश्वविद्यालय के विधि विभाग के बाहर एक छात्र के साथ मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बालूगंज शिमला में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में अखिल कुमार (21) निवासी जिला चंबा और आदित्या (23) निवासी जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

