रायपुर : सूने मकान का शटर काटकर लाखों की चोरी, दो शातिर चोर गिरफ्तार
रायपुर, 16 सितंबर (हि. स.)। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सूने मकान का शटर गेट काटकर सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के कब्जे से चोरी के जेवरात, चांदी के सिक्के, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन समेत करीब 3.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी (26) निवासी गोपियापारा और करण ताण्डी (24) निवासी डबरीपारा कुशालपुर, रायपुर है।
पुलिस के अनुसार प्रोफेसर कॉलोनी निवासी पीड़ित 27 अगस्त को अपने घर में ताला लगाकर बाहर गया था। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली महिला ने शटर गेट कटा होने और सामान बिखरा होने की जानकारी दी। इसके बाद प्रार्थी ने घर पहुंचकर जांच की तो अलमारी में रखे चांदी के सामान व जेवरात, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान गायब मिले। रिपोर्ट पर पुरानी बस्ती थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और पूर्व में चोरी व नकबजनी के मामलों में संलिप्त आरोपितों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को निगरानी बदमाश भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी के घटना स्थल के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद करण को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान और बुलेट वाहन बरामद कर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, भूपेन्द्र के खिलाफ पुरानी बस्ती थाने में नकबजनी और चोरी के चार पूर्व मामले दर्ज हैं, जबकि करण ताण्डी भी चोरी व नकबजनी के दो मामलों में जेल जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

