रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, 1.50 लाख का माल बरामद
- डीडी नगर पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
- चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त
रायपुर, 30 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से करीब 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, छह घड़ियां और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपितों में दो पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
शुक्रवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात अपने मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। 23 अक्टूबर की सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत पर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 676/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच के दौरान पुलिस को यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण, छह घड़ियां और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपितों में यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (18), शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ (19) और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (20) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यशवंत पूर्व में लूट और चोरी तथा शेख मोसिन चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

