home page

रायपुर : सूने मकान में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, शातिर नकबजन समेत चार गिरफ्तार

 | 
रायपुर : सूने मकान में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, शातिर नकबजन समेत चार गिरफ्तार


रायपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया है।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर नकबजन और विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के करीब 7.71 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, अमलीडीह स्थित बी.एस.यू.पी. कॉलोनी निवासी बिस्वम्बर महानंद 23 जून को घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। करीब दो घंटे बाद लौटने पर घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी गायब थी। शिकायत पर न्यू राजेन्द्र नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि, आदतन चोर पवन मंडल घटना के समय अपने साथियों के साथ इलाके में देखा गया था।

पुलिस ने पवन मंडल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कचना, रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि, चोरी किए गए सोने के जेवरातों को गलाकर नया सोना तैयार कर लिया था।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 50 ग्राम गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 7.71 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित पवन मंडल पेशेवर नकबजन है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर