home page

बंद मकान में चोरी करने वाला चाेर गिरफ्तार

 | 
बंद मकान में चोरी करने वाला चाेर गिरफ्तार


कानपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र में 12 जुलाई की रात बंद मकान का ताला काटकर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मंगलवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, नकदी समेत कुल 1.52 लाख रुपये से अधिक मूल्य का माल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए थाना पनकी पुलिस को लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने पाटनी पार्क चौराहे के पास से आरोपित अंकुश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने 12 जुलाई की रात पनकी क्षेत्र के एक मकान का ताला काटकर चोरी करने की बात स्वीकार की।

डीसीपी ने बताया कि आरोपित के कब्जे से दो सोने की चेन, पेंडेंट लगी एक सोने की चेन, चांदी की पायल और बिछिया, दो चांदी के दीया स्टैंड, दो कलाई घड़ियां, एक एटीएम कार्ड, लैपटॉप, बैग तथा घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 1,52,542 रुपये आंकी गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर ई-साक्ष्य एप पर अपलोड की गई है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप