home page

झांसी : होटल कर्मचारियों ने चाचा-भतीजे पर तलवार-फरसे से किया हमला,भतीजे की मौत

 | 
झांसी : होटल कर्मचारियों ने चाचा-भतीजे पर तलवार-फरसे से किया हमला,भतीजे की मौत


पुलिस ने घटना के दो आरोपितों को किया गिरफ्तार

झांसी, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात लगभग 12 बजे एक होटल में काम करने वाले तीन सगे भाइयों और उनके साथियों ने चाचा-भतीजे पर तलवार और फरसे से हमला कर दिया। इस हमले में भतीजे गौरीशंकर कुशवाहा (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके चाचा मुरारीलाल कुशवाहा (65) गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, गौरीशंकर अपने चाचा के साथ पावरहाउस से बिजली की समस्या की शिकायत करने गए थे। दोनों रात करीब 12 बजे घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पीछे से अचानक तलवार और फरसे से वार किए, जिससे चाचा और भतीजे सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।

घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां करीब चार घंटे तक चले इलाज के बाद शनिवार की भोर के समय भतीजे गौरीशंकर ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश का मामला है। मृतक गौरीशंकर की बेटी ने बताया कि उनके पिता ने एक साल पहले होटल के कर्मचारियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर गंदगी और शराब पीने का विरोध किया था, जिसके बाद मारपीट हुई थी और मामला पुलिस तक पहुंचा था। हालांकि आरोपित बाद में जमानत पर छूट गए थे।

इस संबंध में एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी सुमन की शिकायत पर होटल मालिक आनंद यादव, चिगारा, रिंकू, सौरव और 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में होटल मालिक समय दो आरोपितों की गिरफ्तारी भी कर ली गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया