home page

खाना परोसने में देरी पर होटल संचालक को मारी गोली, जोधपुर ले जाते समय एंबुलेंस पलटी; मौत

 | 
खाना परोसने में देरी पर होटल संचालक को मारी गोली, जोधपुर ले जाते समय एंबुलेंस पलटी; मौत


नागौर, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र के खरनाल गांव में शुक्रवार अलसुबह खाना परोसने में हुई देरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। कुछ युवकों ने होटल संचालक को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे नागौर के जेएलएन अस्पताल से जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में खींवसर के पास एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने होटल संचालक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार अल सुबह करीब 4:30 बजे खरनाल गांव स्थित नीलकंठ होटल पर कुछ युवक खाना खाने पहुंचे थे। खाना परोसने में देरी होने पर होटल संचालक रामकुमार उर्फ रामदास (40) निवासी बिहार और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक ने पिस्टल निकालकर रामकुमार के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौजूद लोगों ने घायल रामकुमार को एंबुलेंस से नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया। इसी दौरान खींवसर के पास एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे की सूचना पर खींवसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

फायरिंग की सूचना मिलते ही एएसपी आशाराम चौधरी, सदर थाना पुलिस, कोतवाली थाना पुलिस, डीएसटी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में मामला खाना परोसने में देरी के बाद हुए विवाद से जुड़ा सामने आया है। फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित