home page

दरभंगा में होटल व्यवसायी को गोली मारकर किया घायल, गंभीर हालत में रेफर

 | 

दरभंगा, 06 मार्च (हि.स.)। दरभंगा शहर में आपसी विवाद के दौरान एक होटल व्यवसायी को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान नगर थाना क्षेत्र के किलाघाट निवासी सईद वसी अहमद के पुत्र अनवर कमाल (38) के रूप में हुई है। घटना शहर के सेनापत इलाके की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दो पक्षों के बीच किसी लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान अनवर कमाल विवाद को शांत कराने और मामला सुलझाने के उद्देश्य से बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इसी क्रम में किसी ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके दाहिने पेट और जांघ के बीच लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना के संबंध में अस्पताल में मौजूद लोग अधिक जानकारी देने से बचते नजर आए। बताया जाता है कि घायल अनवर कमाल एनएच-27 पर बिजली हॉल्ट के पास स्थित ‘वाओ वाटर पार्क एंड रेस्टोरेंट’ का संचालन करते हैं। इसके अलावा वे एल्युमिनियम बीट के कारोबार से भी जुड़े हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बेंता थाना की पुलिस डीएमसीएच पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra