जबलपुर : जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की हालत गंभीर, एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो ऑटो से अस्पताल ले गए परिजन
जबलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मकुरा में मंगलवार दोपहर एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी मदद नहीं पहुंची। आखिरकार परिजन उसे ऑटो से शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मकुरा निवासी बबीता चक्रवर्ती ने दोपहर करीब 3 बजे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई। परिजनों ने एम्बुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन समय पर वाहन नहीं मिलने पर उसे ऑटो से अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों के मुताबिक महिला की हालत अत्यंत गंभीर है। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। परिजनों के अनुसार महिला ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

